NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

चक्रवात मोंथा का कहर: 110 किमी/घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा तूफान, आंध्र-ओडिशा-तमिलनाडु में हाई अलर्ट, रेड वार्निंग जारी

tufaan

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात मोंथा (Cyclone Montha) अब गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि यह तूफान 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भारत के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। अनुमान है कि यह तूफान 28 अक्टूबर की शाम या रात को आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और काकीनाडा के बीच तट से टकरा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल यह तूफान दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में केंद्रित है। शनिवार तक यह पोर्ट ब्लेयर से 460 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम, चेन्नई से 950 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व, और काकीनाडा से 970 किमी दक्षिण-पूर्व में स्थित था। थाईलैंड ने इस चक्रवात का नाम ‘मोंथा’ रखा है, जिसका अर्थ है ‘सुगंधित फूल’, लेकिन यह तूफान अब तबाही का प्रतीक बनता जा रहा है।

आंध्र प्रदेश में रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद

आंध्र प्रदेश सरकार ने तटीय जिलों और रायलसीमा क्षेत्र में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ आपात बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें संवेदनशील जिलों में तैनात रहें और जरूरी सेवाओं में कोई बाधा न हो।

गुंटूर, नेल्लोर, चित्तूर, काकीनाडा, बापटला और वाईएसआर कडप्पा जिलों में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। राज्य सरकार ने 27 और 28 अक्टूबर को सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि 27 से 29 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा (210 मिमी से अधिक) हो सकती है।

ओडिशा में भी अलर्ट, 16 जिलों पर खतरा

ओडिशा में प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की पूरी तैयारी कर ली है। राज्य के 16 जिलों पर चक्रवात मोंथा का सीधा असर पड़ने की आशंका है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है और सभी जिलों के कलेक्टरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कोरापुट, मलकानगिरी, कालाहांडी, रायगढ़ा, गंजाम और गजपति जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि नौ अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। संवेदनशील इलाकों में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और साइक्लोन शेल्टरों को तैयार रखा गया है।

तमिलनाडु में भी बारिश का दौर शुरू

तमिलनाडु के तटीय जिलों — चेन्नई, नागपट्टिनम और कुड्डालोर में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। रविवार तक हवाओं की गति 80–90 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।

IMD की चेतावनी — अगले 48 घंटे बेहद अहम

मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। IMD ने कहा कि अगले दो दिनों में चक्रवात की रफ्तार और बढ़ सकती है और इसका प्रभाव पूर्वी तट के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा।

Scroll to Top