NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

दार्जिलिंग में भारी बारिश का कहर: भूस्खलन और पुल टूटने से कई की मौत

कोलकाता /05/10/2025

darzling

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में लगातार भारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मिरिक और सुखिया क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण कम से कम छह लोगों की मौत हुई है। वहीं कई पुलों के टूटने से सड़क यातायात प्रभावित हुआ है और कई इलाकों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। दार्जिलिंग जिला पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश राहत कार्यों में बाधा डाल रही है।

इस घटना पर भाजपा सांसद राजू बिस्ता ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में हुई भारी बारिश से नुकसान की खबर जानकर उन्हें बेहद दुःख हुआ। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में जान-माल का नुकसान हुआ है और बुनियादी ढांचे को भी भारी क्षति पहुंची है। सांसद राजू बिस्ता ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को लोगों की मदद और सहायता के लिए तुरंत जुटने का निर्देश दिया है और सभी राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि मिलकर जरूरतमंद लोगों तक समय पर राहत पहुंचाने का प्रयास करें।

कालिम्पोंग क्षेत्र में स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण कई इलाकों का संपर्क टूटा हुआ है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत कार्य तेज कर रहा है। स्थानीय लोग और प्रशासन मिलकर प्रभावित लोगों को भोजन, दवाई और सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने में लगे हुए हैं। इस प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन टीम और स्थानीय अधिकारियों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है।

raju
Scroll to Top