देहरा में भारी बारिश से तबाही: बिजली–पानी सप्लाई ठप, खड्डे उफान पर
हिमाचल /25/08/2025
हिमाचल प्रदेश में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उपमंडल देहरा भी इससे अछूता नहीं रहा, जहाँ खड्डों के उफान पर आने से कई विभागों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
सबसे बड़ा असर बिजली सप्लाई पर पड़ा है। विद्युत उपमंडल ढलियारा के तहत डेह पुखर खड्ड में आई बाढ़ के कारण 11 केवी बिजली लाइन के कई खंभे टेढ़े हो गए। इसके चलते बधल, धनोटु, बल्ला, बरवाड़ा, ढलियारा और सुनहेत जैसे क्षेत्रों में लगे लगभग 30 ट्रांसफॉर्मर बंद हो गए हैं और यहां की बिजली पूरी तरह से बाधित हो गई है।
एसडीओ मनीष संधू मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ठेकेदार, जेसीबी और मजदूरों की मदद से क्षतिग्रस्त खंभों को सीधा करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। उनका लक्ष्य जल्द से जल्द बिजली बहाल करना है ताकि लोगों की परेशानी कम हो सके।
गौरतलब है कि इसी बिजली लाइन से धनोटु बल्ला की पानी की सप्लाई स्कीम भी जुड़ी हुई है। बिजली ठप होने से यहां की जलापूर्ति भी प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन ने पानी की समस्या से निपटने के लिए भी वैकल्पिक इंतज़ाम शुरू कर दिए हैं।
लगातार हो रही बारिश और खड्डों के उफान से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि बहाल कार्य में तेजी लाई जाए ताकि बिजली और पानी की सुविधा जल्द सामान्य हो सके।