NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

देहरादून में 2 महीने में 97 बच्चे हुए लापता, 87 सकुशल बरामद, क्यों भाग रहे नाबालिग

देहरादून/15/09/2025

CHILD MISSIN G

देहरादून पुलिस ने पिछले दो महीने में 97 नाबालिग बच्चों के गुमशुदा होने के मामलों में से 87 बच्चों को सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर बच्चों को दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत अन्य राज्यों से खोज निकाला। जांच में सामने आया कि बच्चों के घर छोड़ने के अलग-अलग कारण थे।

क्यों घर छोड़ रहे बच्चे? पुलिस के अनुसार, बच्चों के घर छोड़ने के पीछे मुख्य कारण सोशल मीडिया का प्रभाव, वर्चुअल दुनिया में बहकावे में आना और परिजनों से नाराज होना रहा। इनमें से 62 नाबालिग अपने परिजनों के डांटने या बात न मानने पर नाराज होकर घर से चले गए, जबकि 24 नाबालिग बिना बताए घूमने या सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर बाहर गए। इसके अलावा, 11 मामलों में नाबालिगों को किसी अन्य व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की, जिनके खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा।

पुलिस ने इन नाबालिगों और उनके परिजनों के साथ काउंसलिंग की और अभिभावकों को बच्चों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने की सलाह दी।

तलाश जारी: देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अभी भी 10 अन्य नाबालिगों की तलाश जारी है। इनमें से कुछ बच्चों से पुलिस ने सोशल मीडिया और वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क किया है। उदाहरण के तौर पर, पटेलनगर क्षेत्र से लापता एक नाबालिग लड़की लुधियाना में काम कर रही थी, लेकिन उसने बताया कि वह जल्द ही अपने माता-पिता के पास लौट आएगी। वहीं, प्रेमनगर से लापता नाबालिग ने फोन रिचार्ज न होने से नाराज होकर दोस्तों के साथ काम की तलाश में बाहर जाने की बात पुलिस को बताई।

पुलिस ने सभी मामलों में गंभीरता से कार्य किया और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ परिजनों को बच्चों की मनोरोग और भावनात्मक जरूरतों को समझने के लिए मार्गदर्शन दिया। इस प्रयास से न केवल बच्चे सकुशल घर लौटे, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परिजनों और बच्चों को जागरूक भी किया गया।

Scroll to Top