देहरादून में आफत की बारिश: सहस्त्रधारा में कई दुकानें बहीं, दो लोग लापता, राहत कार्य जारी
देहरादून/16/09/2025
देहरादून में एक बार फिर मानसून ने कहर बरपा दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते राजधानी और आसपास के इलाकों में आपदा जैसे हालात बन गए हैं। कारलीगाड़ सहस्त्रधारा क्षेत्र में सोमवार देर रात अचानक भारी बारिश हुई, जिससे सहस्त्रधारा में कई दुकानें बह गईं और दो लोग लापता हो गए। जिला प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू और रिलीफ ऑपरेशन शुरू किया, जो अभी भी जारी है।
जैसे ही घटना की सूचना मिली, जिलाधिकारी सविन बंसल ने राहत कार्य की कमान संभाली और संबंधित विभागों को मौके पर भेजा। एसडीएम कुमकुम जोशी खुद देर रात घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और लोक निर्माण विभाग की टीमों को जेसीबी मशीनों सहित राहत कार्य में लगाया गया है।
प्रशासन के अनुसार अब तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दो लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। सहस्त्रधारा क्षेत्र में बहाव इतना तेज था कि कुछ दुकानें पूरी तरह से बह गईं। प्रशासन अलर्ट मोड पर है और आईआरएस सिस्टम से जुड़े सभी विभाग सक्रिय रूप से राहत कार्यों में जुटे हैं।
देहरादून के अन्य क्षेत्रों में भी हालात खराब
बारिश से सिर्फ सहस्त्रधारा ही नहीं, बल्कि डोईवाला, रानीपोखरी, माजरी ग्रांट, प्रेमनगर और टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र में भी जल प्रलय जैसे हालात बन गए। जाखन नदी और तमसा नदी रौद्र रूप में बह रही हैं। रानीपोखरी और माजरी ग्रांट में पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। प्रेमनगर स्थित देवभूमि कॉलेज के पास भारी जलभराव से तीन लोग पानी में फंस गए, जिन्हें एसडीआरएफ टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
टपकेश्वर मंदिर के पास बहने वाली तमसा नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया कि पानी मंदिर की सीढ़ियों तक पहुंच गया। इससे मंदिर आने-जाने वालों में डर का माहौल है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में उत्तरकाशी, चमोली, हरिद्वार, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, मसूरी, ऋषिकेश, बदरीनाथ, देवप्रयाग और कर्णप्रयाग सहित कई क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा और तेज तूफान आने की संभावना है। विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
टिहरी में भी भारी नुकसान
देहरादून के अलावा टिहरी जिले में भी भारी बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। नदियों के उफान और भूस्खलन के चलते कई सड़कें बंद हो गई हैं और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
देहरादून में हुई इस मूसलाधार बारिश ने प्रशासन और लोगों दोनों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रशासन पूरी तरह से राहत कार्य में जुटा है और लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।