NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

दिल्ली में बाढ़ पीड़ितों के लिए बने राहत शिविरों में घुसा पानी, दहशत में हजारों लोग

नई दिल्ली /04/09/2025

rahat shivir

राजधानी दिल्ली में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ने से कई निचले इलाके पूरी तरह से डूब चुके हैं। कश्मीरी गेट, यमुना बाजार, बुराड़ी, निगम बोध घाट, मरघट वाले बाबा हनुमान मंदिर, कालिंदी कुंज और सिविल लाइंस समेत कई जगहों पर पानी भर चुका है। लोग अपने घरों को छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं और सैकड़ों परिवारों को प्रशासन ने सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया है।

लेकिन संकट यहीं नहीं थमा। सरकार द्वारा बाढ़ पीड़ितों के लिए बनाए गए राहत शिविर अब खुद पानी में डूबने लगे हैं। मयूर विहार फेज-1 में बनाए गए राहत कैंपों में बाढ़ का पानी घुस आया है, जिससे वहां ठहरे हजारों परिवार दहशत में हैं। पहले ही घरों से बेघर हो चुके इन लोगों को जब सरकार ने राहत शिविरों में जगह दी तो उन्हें उम्मीद जगी थी कि अब सुरक्षित रहेंगे, लेकिन यहां भी यमुना का पानी पहुंच गया है। इस वजह से कई लोगों ने फुटपाथ किनारे और सड़क के किनारे अस्थाई टेंट लगाकर रहना शुरू कर दिया है। परिवार अपने बच्चों और बुजुर्गों के साथ बेहद मुश्किल हालातों में जीने को मजबूर हैं। यहां तक कि उन्होंने अपने मवेशियों को भी इन्हीं टेंटों के पास बांध रखा है।

स्थिति यह है कि राहत शिविरों में पानी घुसने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। जिन लोगों को प्रशासन ने रेस्क्यू कर कैंपों तक पहुंचाया था, वे अब दोबारा खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों की मानें तो उनके घर पहले ही पानी में समा चुके हैं और अब राहत शिविर भी डूबने लगे हैं, ऐसे में उनके पास कोई रास्ता नहीं बचा।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है। ऐसे में यमुना का जलस्तर और बढ़ सकता है और हालात और गंभीर हो सकते हैं। दिल्ली में बाढ़ से जूझ रहे हजारों परिवार अब दोहरी मार झेल रहे हैं – न तो घर सुरक्षित हैं और न ही राहत शिविर।

Scroll to Top