दिल्ली में चलती कैब में छात्रा से अश्लील हरकत
नई दिल्ली/10/09/2025
दिल्ली के मौरिस नगर इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक छात्रा के साथ चलती कैब में ड्राइवर ने अश्लील हरकत की। पुलिस के अनुसार आरोपी कैब ड्राइवर लोम शंकर गाड़ी चलाते समय छात्रा की मौजूदगी में घिनौनी हरकत कर रहा था। छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत इसकी शिकायत पुलिस को दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घटना में इस्तेमाल कार को भी ज़ब्त कर लिया है।
महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले 5 सितंबर को किशनगढ़ इलाके में दिल्ली पुलिस ने एक निजी एयरलाइन के पायलट मोहित प्रियदर्शी को गिरफ्तार किया था। आरोपी पर भीड़भाड़ वाले बाजार में स्पाई कैमरे से महिला का वीडियो बनाने का आरोप है। उसके पास से बरामद ‘लाइटर’ जैसी दिखने वाली डिवाइस में छुपा हुआ कैमरा लगाया गया था। पीड़ित महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी थी।
इसी तरह हाल के दिनों में दिल्ली-एनसीआर से महिलाओं पर हमलों की कई घटनाएँ सामने आई हैं। नोएडा में दहेज प्रताड़ना के चलते एक महिला को जिंदा जलाने का मामला सामने आया था, जबकि गाजियाबाद के मोदीनगर में 19 अगस्त को भी दहेज उत्पीड़न के कारण महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इन मामलों के बाद आरोपी ससुराल वालों को गिरफ्तार किया गया।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा के लिए गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है, लेकिन अपराधियों के हौसले अब भी बुलंद दिखाई दे रहे हैं।