दिल्ली फायर डिपार्टमेंट अलर्ट: दीपावली पर 107 लोकेशन्स पर दमकल गाड़ियां तैनात,सभी कर्मचारी ऑन-ड्यूटी
नई दिल्ली/17/10/2025
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में दीपावली के अवसर पर आगजनी और हादसों को रोकने के लिए दिल्ली फायर डिपार्टमेंट ने हाई अलर्ट जारी किया है। 19 और 20 अक्टूबर को राजधानी के 107 प्रमुख स्थानों पर दमकल वाहन तैनात रहेंगे। सभी 66 फायर स्टेशन पूरी तरह से चौकसी पर हैं और विभाग ने अपने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एके मलिक ने बताया कि राजधानी के 17 बड़े स्थानों पर बड़ी दमकल गाड़ियां और 24 जगहों पर क्विक रिस्पांस व्हीकल (QRV) तैनात की गई हैं। QRV गाड़ियां संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे पुरानी दिल्ली, सीलमपुर और अन्य सघन बस्तियों में तुरंत पहुंच सकती हैं। आग की सूचना मिलने पर दिन में 1 मिनट और रात में 2 मिनट के भीतर दमकल वाहन मौके पर पहुँचेंगे।
साल 2024 में दीपावली के दौरान राजधानी में 318 आग की घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज हुई थी, जो पिछले 12 वर्षों में सबसे अधिक है। फायर डिपार्टमेंट ने नागरिकों से अपील की है कि वे ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करें, खुले स्थानों में ही आतिशबाजी करें और अग्निशमन के साधन पास रखें।
विशेष रूप से तैनात प्रमुख लोकेशन्स में बाड़ा टूटी चौक, तिलक नगर, लाल कुआँ चौक, साउथ एक्सटेंशन, गांधी नगर मार्केट और राधा स्वामी सत्संग भाटी माइंस शामिल हैं। QRV गाड़ियां हस्ताल, विशाल गार्डन, महरौली, बादली इंडस्ट्रियल एरिया और मेन बाजार पहाड़गंज जैसे स्थानों पर तैनात रहेंगी।
दिल्ली फायर डिपार्टमेंट की यह तैयारी दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और खुशी से मनाने के उद्देश्य से की गई है।