NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

दिल्ली के करावल नगर में युवक की सरेआम हत्या, हमलावर फरार

नई दिल्ली/13/09/2025

DELHI

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली के करावल नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक 30 वर्षीय युवक रोहित यादव की सरेआम हत्या कर दी गई। घटना कमल विहार स्थित नानक डेयरी के पास हुई, जहां 2 से 3 हमलावरों ने अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसे निशाना बनाया। घायल अवस्था में रोहित को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।

डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि रोहित यादव मूल रूप से भोपुरा गाजियाबाद का रहने वाला था और किसी काम से करावल नगर आया था। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शुरुआती जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई गई है। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगी हुई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हत्या प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुई। कमल विहार में एक खाली प्लॉट है, जिसको लेकर इलाके में लंबे समय से विवाद चल रहा था। अक्सर लोग उस प्लॉट में बैठकी करते थे और शुक्रवार रात भी इसी दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें रोहित यादव की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले उत्तर पूर्वी दिल्ली के नगरी इलाके में भी दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है।

Scroll to Top