NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

दिल्ली पीठासीन अधिकारी सम्मेलन में बोले पठानियां – विधायी संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के महानायक थे विठ्ठलभाई पटेल

नई दिल्ली/24/08/2025

politician image

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में 24 व 25 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि विठ्ठलभाई पटेल केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि विधायी संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के महानायक थे। सम्मेलन का आयोजन विठ्ठलभाई पटेल के केंद्रीय असेंबली के प्रथम चेयरमैन बनने और दिल्ली विधानसभा भवन की शताब्दी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया गया।

सम्मेलन का शुभारंभ गृह मंत्री अमित शाह ने किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उप-राज्यपाल विजय सक्सेना, केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजिजू और दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता मौजूद रहे। दिल्ली विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने आभार जताया।

पठानियां ने कहा कि हिमाचल का कौंसिल चैम्बर भवन वर्ष 1925 में तैयार हुआ, जिसे वायसराय लॉर्ड रीडिंग ने लोकार्पित किया। यही देश का पहला केंद्रीय असेंबली भवन था, जहां विठ्ठलभाई पटेल ने ब्रिटिश प्रतिनिधि को हराकर प्रथम निर्वाचित चेयरमैन बनने का गौरव पाया।

उन्होंने कहा कि पटेल ने औपनिवेशिक विधान परिषद को भारतीय आत्म-अभिव्यक्ति का मंच बनाया और गांधीजी के दर्शन से प्रेरित होकर स्वराजवादी आंदोलन को गति दी। उन्होंने सभा की स्वतंत्रता व अधिकारों को बढ़ाने, अलग सचिवालय की स्थापना और संसदीय प्रक्रियाओं को व्यवस्थित करने में अहम योगदान दिया।

सम्मेलन में सभी राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव शामिल हुए। हिमाचल से विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार और सचिव यशपाल शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान विजेंद्र गुप्ता ने धर्मशाला सम्मेलन का जिक्र कर पठानियां को आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया।

जानकारी के अनुसार, कुलदीप पठानियां 25 अगस्त को सुबह दिल्ली से चंडीगढ़ रवाना होंगे और दोपहर 2 बजे प्रस्तावित सदन की कार्यवाही का संचालन करेंगे।

Scroll to Top