धर्मपुर में बाढ़ से 10 करोड़ का नुकसान, एक हफ्ते में सड़कें बहाल करने के निर्देश
मंडी/16/09/2025
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने धर्मपुर में सोन खड्ड में आई बाढ़ से हुए भारी नुकसान का जायजा लिया और स्थानीय प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बहाली कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शुरुआती आंकड़ों के अनुसार इस आपदा में सार्वजनिक और निजी संपत्ति को लगभग 10 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचा है।
उप-मुख्यमंत्री ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा में सबसे अधिक नुकसान हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) को हुआ है। निगम को शुरुआती तौर पर 6 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है। निगम की कुल 20 बसें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें 18 बसें धर्मपुर डिपो और एक-एक सरकाघाट व बिलासपुर डिपो की हैं। इसके साथ ही धर्मपुर बस अड्डे को भी गंभीर क्षति पहुंची है। हालांकि निगम का स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित है।
इसके अलावा जलशक्ति विभाग की कई योजनाओं को भारी नुकसान हुआ है। खंड विकास कार्यालय के सभी कंप्यूटर, रिकॉर्ड और फर्नीचर नष्ट हो गए। साथ ही सड़कों, बिजली बोर्ड की संपत्ति और आम लोगों की निजी संपत्ति को भी काफी क्षति पहुंची है।
मुकेश अग्निहोत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि लोक निर्माण विभाग एक सप्ताह के भीतर सभी बस योग्य सड़कें बहाल करे। साथ ही बिजली आपूर्ति भी जल्द से जल्द पूरी तरह से सुचारू की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जो बसें बस अड्डे से बाहर सुरक्षित थीं, उनके माध्यम से मुख्य सड़कों पर परिवहन सेवाएं तुरंत शुरू की जाएं।
इससे पूर्व उप-मुख्यमंत्री ने धर्मपुर बस अड्डे और बाजार में हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार इस मुश्किल घड़ी में हरसंभव मदद करेगी और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
इस अवसर पर उप मुख्य-सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक चंद्रशेखर, कविता शेखर, एसपी साक्षी वर्मा, एडीएम डॉ. मदन कुमार, एसडीएम जोगिंदर पटियाल, एचआरटीसी बोर्ड सदस्य धर्मेंद्र धामी, जलशक्ति विभाग के मुख्य अभियंता रोहित दुबे, पीडब्ल्यूडी के प्रमोद कश्यप, विद्युत विभाग के एक्सईएन संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।