धर्मपुर में SIU की बड़ी कार्रवाई — पिकअप से 5 ग्राम चिट्टा बरामद, आरोपी के खिलाफ पुराने आपराधिक मामले भी उजागर
सोलन/17/11/2025
सोलन जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच SIU सोलन को एक और सफलता हाथ लगी है। 16 नवंबर 2025 को धर्मपुर क्षेत्र में गश्त के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक मोहिन्द्रा पिकअप फोरलेन के किनारे संदिग्ध अवस्था में खड़ी है। जानकारी मिली कि वाहन में सूरज नाम का युवक मौजूद है, जो लंबे समय से चिट्टा/हेरोइन की खरीद–फरोख्त में सक्रिय है और आज भी बड़ी मात्रा में नशा लेकर युवाओं को सप्लाई करने वाला है।
सूचना की पुष्टि के बाद SIU टीम ने मौके पर दबिश दी और पिकअप में बैठे सूरज पुत्र मनसुख राम, निवासी गांव घडसी, डाकघर कोट, तहसील कसौली (उम्र 29 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 5 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। तुरंत प्रभाव से आरोपी के खिलाफ थाना धर्मपुर में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और मोहिन्द्रा पिकअप को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि सूरज पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ कुल तीन मामले दर्ज हैं—दो परवाणू थाना क्षेत्र में और एक धर्मपुर में। पुराने मामलों में चोरी का प्रयास, बाइक चोरी और बिजली की तारें चुराने की कोशिश के साथ-साथ चिट्टा तस्करी के मामले भी शामिल हैं।
पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और यह भी खंगाला जा रहा है कि आरोपी नशे की सप्लाई चेन में किस स्तर पर शामिल था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।