धर्मशाला में दलाई लामा ने ताइवानी बौद्ध अनुयायियों को दिया प्रेरक प्रवचन, हजारों श्रद्धालु हुए उपस्थित
धर्मशाला/05/10/2025
धर्मशाला: शनिवार सुबह धर्मशाला शहर अध्यात्म और भक्ति से सराबोर हो उठा, जब दलाई लामा ने ताइवानी बौद्ध अनुयायियों के विशेष अनुरोध पर मुख्य तिब्बती मंदिर चुगलाखांग में प्रवचन दिया। इस अवसर पर पांच हजार से अधिक बौद्ध भिक्षु-भिक्षुणियां और विदेशी पर्यटक उपस्थित रहे, जिन्होंने दलाई लामा की शिक्षाओं का लाभ उठाया।
प्रवचन की शुरुआत दलाई लामा ने बोधिचित्त उत्पत्ति (सेमक्ये) और बोधिसत्व व्रत (जंगदों) के संकल्प से की। इसके बाद उन्होंने तुषिता स्वर्ग के सौ देवताओं (गदेन ल्हग्यामा) पर संक्षिप्त लेकिन गहन शिक्षाएं दीं। श्रद्धालुओं के लिए यह अवसर भावनाओं से भरा रहा और उन्होंने ध्यानपूर्वक दलाई लामा की शिक्षाओं को सुना।
ताइवानी श्रद्धालु पैन यी शुआन ने कहा कि दलाई लामा को देखना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है। ताशी ली ने कहा कि उनकी शिक्षाएं सीधे हृदय को स्पर्श करती हैं। बौद्ध भिक्षुणी प्रो. कावेरी गिल ने बताया कि दलाई लामा केवल बौद्ध धर्म ही नहीं, बल्कि मानवता के साझा मूल्यों — प्रेम, करुणा और नैतिकता — के प्रतीक हैं। अमेरिका से आए ड्रू मैकग्लाथरी ने कहा कि प्रवचन अनोखा है और इसे बोधिसत्व व्रत और भी महत्वपूर्ण बनाता है।
धर्मशाला में यह विशेष प्रवचन यह संदेश देता है कि दलाई लामा की करुणा और ज्ञान किसी सीमा में बंधे नहीं हैं और वे पूरी मानवता को जोड़ने वाली एक जीवित विरासत हैं।