धर्मशाला में पंजाब के युवकों ने चलाई गोली, बाल-बाल बचा स्थानीय युवक
धर्मशाला/21/09/2025
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन नगरी धर्मशाला में शुक्रवार देर रात पंजाब से आए युवकों ने पिस्टल से गोली चलाकर हड़कंप मचा दिया। गोली एक स्थानीय युवक को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। वारदात के बाद आरोपी युवक फरार हो गए और पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
शुक्रवार रात करीब पांच युवक पंजाब से धर्मशाला आए थे। वे एक मॉल के पास सड़क किनारे अपनी खोई हुई बाइक की चाबी तलाश रहे थे। इस दौरान वहां पहुंचे एक स्थानीय युवक से उन्होंने चाबी खोजने को कहा। युवक ने जब जवाब दिया कि चाबी तुम लोगों की है तो तलाश भी तुम्हें ही करनी चाहिए, तो विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई और पंजाबी युवकों ने स्थानीय युवक को थप्पड़ मार दिए।
इसके बाद युवक ने अपने दोस्तों को फोन कर घटना की जानकारी दी। जब उसके दोस्त मौके पर पहुंचे तो पंजाबी युवक कोतवाली बाजार की ओर बढ़ गए। तीन स्थानीय युवक कार में सवार होकर उनकी तलाश में होटल धौलाधार के पास पहुंचे, जहां दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट होने लगी।
इसी दौरान एक पंजाबी युवक ने जेब से पिस्टल निकालकर स्थानीय युवकों की ओर तान दी और फायर कर दिया। गोली एक युवक को छूते हुए निकल गई। गनीमत यह रही कि दूसरा फायर पिस्टल की तकनीकी खराबी के कारण नहीं हो पाया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पिस्टल देखकर स्थानीय युवक भाग गए और आड़ में जाकर पत्थरों से हमला कर दिया।
हंगामे के बीच आरोपी अपनी एक बाइक वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। शनिवार सुबह लगभग 10:30 बजे स्थानीय युवकों ने पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात 5 से 6 युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया।
पुलिस ने मौके से गोली का खोल बरामद कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। सुराग के तौर पर पुलिस के हाथ केवल छोड़ी गई मोटरसाइकिल लगी है, जिसके आधार पर जांच तेज की गई है।