NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

धर्मशाला में 4 दिसंबर को जनआक्रोश, कांग्रेस सरकार के खिलाफ ऐतिहासिक प्रदर्शन: डॉ. राजीव बिंदल

bindal

धर्मशाला | भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने घोषणा की है कि आगामी 4 दिसंबर 2025 को धर्मशाला के जोरावर सिंह स्टेडियम में कांग्रेस सरकार के 3 साल के कुशासन, महंगाई, बेरोजगारी, माफिया राज और झूठे वादों के खिलाफ ऐतिहासिक जनप्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह प्रदर्शन प्रदेश की पीड़ित जनता की आवाज बनेगा और इसी दिन से प्रदेश में सरकार परिवर्तन की हुंकार भरी जाएगी।

डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस सरकार झूठी गारंटियों के दम पर सत्ता में आई थी, लेकिन तीन वर्षों में इस सरकार ने केवल जनता को ठगने का काम किया। युवा बेरोजगार हैं, महिलाओं और बहनों के साथ धोखा हुआ है, महंगाई चरम पर है और प्रदेश में माफिया राज अपने चरम पर पहुंच चुका है। जनता अब इस सरकार से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है और बदलाव का मन बना चुकी है।

उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा किया गया। सरकारी नौकरियों पर अनियमित नियम लागू किए गए, जिसमें कहीं 4000 तो कहीं 5000 रुपये मानदेय देकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। यह नई व्यवस्था युवाओं के साथ सबसे बड़ा अन्याय है।

डॉ. बिंदल ने आगे कहा कि 28 लाख बहनों से 1500 रुपये की गारंटी के नाम पर डाका डाला गया, बिजली की 300 यूनिट फ्री देने का वादा उल्टा बिजली महंगी कर दी गई, महिलाओं को बसों में फ्री यात्रा का वादा तोड़ा गया और राशन व दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए गए। टैक्स पर टैक्स लगाकर जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला गया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हत्या, बलात्कार, डकैती, चिट्टे और नशा तस्करी जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। खनन और नशा माफिया खुलेआम काम कर रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। यह साफ तौर पर माफिया राज का संरक्षण है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तीन वर्षों में केवल जनता को भ्रमित करने, झूठे आश्वासन देने और समय गंवाने का काम किया। प्रदेश कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है, विकास कार्य ठप हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि 4 दिसंबर को हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता जोरावर सिंह स्टेडियम में इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। यह प्रदर्शन केवल विरोध नहीं, बल्कि हिमाचल के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प भी होगा। भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत और संगठनात्मक मजबूती के साथ इसे ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं और यह आंदोलन प्रदेश की राजनीति की दिशा बदलने वाला साबित होगा।

Scroll to Top