NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

ड्यूटी पर लौटने से पहले दर्द ने छीनी सांस — CRPF जवान मुख्तयार सिंह का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

बिलासपुर/06/11/2025

una

बिलासपुर जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र के घरलेहड़ा गांव में उस समय मातम छा गया, जब छुट्टी पर घर आए CRPF जवान मुख्तयार सिंह का अचानक निधन हो गया। जम्मू के कुपवाड़ा में तैनात 45 वर्षीय मुख्तयार सिंह 15 दिन की छुट्टी पूरी कर रविवार को ड्यूटी पर लौटने वाले थे, लेकिन इससे एक रात पहले आए तेज पेट दर्द ने उनकी जान ले ली।

देर रात अचानक पेट में असहनीय दर्द होने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत घुमारवीं के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने लगातार प्रयास किए, लेकिन उपचार के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया।

मुख्तयार सिंह अपने पीछे एक मजबूत लेकिन अब शोकग्रस्त परिवार छोड़ गए हैं— उनकी बुजुर्ग मां ज्ञानो देवी, जो सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं; उनकी पत्नी, जो शिक्षा विभाग में मुख्य शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं; और डेढ़ वर्ष की मासूम बेटी, जिसे शायद अभी यह भी समझ नहीं कि उसके पिता अब कभी वापस नहीं आएंगे।

जवान मुख्तयार सिंह के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव लाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। दिल्ली स्थित CRPF डीजी ऑफिस से पहुंचे जवानों की टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी और अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार में आसपास की कई पंचायतों के लोग, पूर्व विधायक और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। अंतिम संस्कार के दौरान “भारत माता की जय” और “मुख्तयार सिंह अमर रहें” के नारे गूंजते रहे और नम आंखों से हर कोई उन्हें विदा करता रहा। CRPF की ओर से परिवार को 75 हजार रुपये की तत्काल राहत राशि भी प्रदान की गई।

कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन से भरपूर इस जवान का जाना न सिर्फ परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके साहस और सेवा को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

Scroll to Top