NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

इक्वाडोर में राष्ट्रपति नोबोआ पर हमला: भीड़ ने काफिले पर पथराव और गोलियां चलाईं

क्विटो/09/10/2025

IKA DOUR

क्विटो: इक्वाडोर में एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां राष्ट्रपति जेनिल नोबोआ की कथित तौर पर हत्या की कोशिश की गई। यह हमला उस समय हुआ जब राष्ट्रपति नोबोआ नए सार्वजनिक कार्यों के उद्घाटन के लिए अपने काफिले के साथ स्टेडियम जा रहे थे। इस दौरान उग्र भीड़ ने उनके काफिले को घेर लिया, पत्थर फेंके और गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति की कार पर गोलियों के निशान भी पाए गए हैं, हालांकि राष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

सरकारी जानकारी के मुताबिक, यह घटना दक्षिणी प्रांत कैनर (Cañar) के एल ताम्बो शहर में हुई। राष्ट्रपति नोबोआ अपने काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे, तभी करीब 500 लोगों की भीड़ ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने काफिले को रोकने की कोशिश की, कारों पर पथराव किया और गोलियां चलाईं। घटना की पुष्टि करते हुए पर्यावरण एवं ऊर्जा मंत्री इनेस मंज़ानो ने बताया कि राष्ट्रपति की कार पर गोलियों के निशान मिले हैं और इस मामले में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों पर आतंकवाद के तहत केस दर्ज किया जाएगा। राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा है कि हमलावरों ने जानबूझकर सामुदायिक परियोजना के उद्घाटन को बाधित करने की कोशिश की। इस हमले में राष्ट्रपति के काफिले के कई वाहनों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।

माना जा रहा है कि यह हमला डीजल पर सब्सिडी समाप्त करने के सरकारी फैसले से भड़के जनाक्रोश का नतीजा है। दरअसल, 12 सितंबर को नोबोआ सरकार ने डीजल सब्सिडी हटाने की घोषणा की थी, जिसके बाद देश में ईंधन की कीमतें बढ़ गईं। इसके विरोध में स्वदेशी समुदायों के नेतृत्व में देशव्यापी प्रदर्शन शुरू हो गए। जब प्रदर्शन अपने 16वें दिन पर पहुंचे, तभी राष्ट्रपति के काफिले पर यह हमला हुआ।

इससे पहले भी राष्ट्रपति नोबोआ ने देश में बढ़ती अपराध और हिंसा की घटनाओं को देखते हुए चार तटीय प्रांतों और एक कैंटन में 30 दिनों के आपातकाल की घोषणा की थी। इस घटना के बाद एक बार फिर इक्वाडोर की राजनीतिक अस्थिरता और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठ गए हैं।

सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और जांच तेज़ी से जारी है।

Scroll to Top