एडवर्ड स्कूल ने ड्रग्स विरोधी दौड़ और पर्यावरण संरक्षण अभियान का किया आयोजन
शिमला/11/10/2025
शिमला: एडवर्ड स्कूल ने अपने 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण पर काम करने के उद्देश्य से एक विशेष दौड़ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में एडवर्ड संघ के अध्यक्ष राजीव सूद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
दौड़ की शुरुआत हाई कोर्ट शिमला से हुई और यह स्कूल ग्राउंड में समाप्त हुई, जिसमें लगभग 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। राजीव सूद ने बताया कि एडवर्ड स्कूल के 100 साल पूरे होने के अवसर पर विभिन्न खेल और दौड़ प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को ड्रग्स के प्रति जागरूक करना स्कूल की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में प्रशिक्षित और सक्रिय युवा ही समाज में बदलाव ला सकते हैं।
इसके साथ ही स्कूल ने पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान केंद्रित किया है। स्कूल ने वेस्ट प्रोडक्ट से विभिन्न चीजों का निर्माण कर बच्चों को रिसाइक्लिंग और पर्यावरण संरक्षण का महत्व सिखाया। बच्चों को इस दिशा में एंबेसडर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे समाज में जागरूकता फैलाने में मदद कर सकें।
राजीव सूद ने आगे बताया कि 11 से 13 अक्टूबर तक एडवर्ड संघ द्वारा कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कार रैली और गोल्फ प्रतियोगिता भी शामिल हैं। रैली का मार्ग स्कूल के परागण से शुरू होकर नलडेहरा गोल्फ कोर्स तक जाएगा, जिसमें 315 प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिनमें तमिलनाडु, दिल्ली, अमेरिका, शिकागो, न्यूयॉर्क, गोवा और चेन्नई के प्रतिभागी शामिल हैं।
इस अवसर पर जस्टिस दीपक गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सफलता की सराहना की। एडवर्ड स्कूल का यह अभियान न केवल युवाओं को नशे से दूर रखने, बल्कि सकारात्मक पर्यावरणीय बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।