फर्रुखाबाद में बड़ा हादसा टला: टेकऑफ से पहले झाड़ियों में गिरा प्राइवेट जेट, सभी यात्री सुरक्षित
फर्रुखाबाद/09/10/2025
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मोहम्मदाबाद स्थित राजकीय हवाई पट्टी पर टेकऑफ से ठीक पहले एक प्राइवेट जेट झाड़ियों में गिर गया। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलट समेत सभी लोग सुरक्षित बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एसडीएम, डीएसपी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जानकारी दी कि निजी विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली है, लेकिन सौभाग्य से सभी लोग सुरक्षित हैं। वहीं, प्रोजेक्ट हेड मनीष कुमार पांडेय ने एक वीडियो जारी कर बताया कि बुधवार दोपहर 3 बजे जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का प्राइवेट जेट VT-DEZ मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी पर उतरा था। इसमें खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में बन रही बीयर फैक्ट्री के डीएमडी अजय अरोड़ा, एसबीआई हेड सुमित शर्मा और बीपीओ राकेश टीकू भोपाल से पहुंचे थे ताकि फैक्ट्री के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर सकें।
गुरुवार की सुबह करीब 10:30 बजे सभी लोग वापस भोपाल लौटने के लिए विमान में सवार हुए। जैसे ही विमान ने रनवे पर लगभग 400 मीटर तक गति पकड़ी, उड़ान भरते ही उसका संतुलन बिगड़ गया और वह रनवे से फिसलकर पास की झाड़ियों में जा घुसा। हालांकि विमान में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए और किसी तरह की चोट नहीं आई।
कंपनी के उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट हेड मनीष पांडेय ने बताया कि यह हादसा पायलट की लापरवाही से हुआ है। पायलट को पहले से पता था कि विमान के पहियों में हवा कम है, फिर भी उसने उड़ान भरने का प्रयास किया। उनकी गलती से बड़ी दुर्घटना घट सकती थी।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला, सीओ अजय वर्मा, एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय, अपर उप जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, फायर ब्रिगेड अधिकारी आशीष वर्मा और क्षेत्रीय लेखपाल संजय कुमार पहुंचे। सभी अधिकारियों ने मौके पर जांच की और विमान की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि विमान उड़ान भरने से पूर्व रनवे पर अनियंत्रित होकर झाड़ियों में जा गिरा। उन्होंने कहा कि तकनीकी विभाग द्वारा जांच की जा रही है कि यह घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या मानवीय गलती से। फिलहाल किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और सभी सुरक्षित हैं।
यह हादसा प्रशासनिक सतर्कता और मौके पर अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी त्रासदी में बदलने से बच गया।