पूर्व CM धूमल के ड्राइवर की संदिग्ध हालात में मौत: कुल्लू में पिस्टल से खुद को मारी गोली, पुलिस जांच में जुटी
कुल्लू/27/10/2025
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से सोमवार सुबह एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के ड्राइवर रहे शांति स्वरूप की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 64 वर्षीय शांति स्वरूप ने अपने ही घर में पिस्टल से खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मृतक कुल्लू के रायसन क्षेत्र के विहाल गांव में अपने परिवार के साथ रहते थे। सोमवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे घर से गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो देखा कि शांति स्वरूप खून से लथपथ पड़े थे। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि शांति स्वरूप वर्ष 2020 में सचिवालय से सेवानिवृत्त हुए थे। इससे पहले उन्होंने 2007 से 2012 तक पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के चालक के रूप में कार्य किया था। उनके करीबी लोगों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे, हालांकि आत्महत्या के पीछे की सटीक वजह अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला खुदकुशी का प्रतीत होता है, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
इस घटना से क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि शांति स्वरूप बेहद शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और किसी से कोई रंजिश नहीं थी।