गुजरात के गांधीनगर में गरबा के दौरान हिंसक झड़प, पथराव और आगजनी से मचा हड़कंप
गांधीनगर/25/09/2025
गुजरात के गांधीनगर जिले के देहगाम तालुका के बहियाल गांव में बुधवार रात गरबा महोत्सव के दौरान अचानक सांप्रदायिक तनाव भड़क उठा। मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया।
गरबा आयोजन स्थल पर अचानक पथराव शुरू हो गया। उपद्रवियों ने दुकानों में तोड़फोड़ की और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। चारों ओर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बताया जा रहा है कि इस बवाल की वजह एक सोशल मीडिया पोस्ट है, लेकिन उस पोस्ट में क्या लिखा था और किसने इसे डाला, यह अब तक साफ नहीं हो पाया है।
वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि हिंदू इलाके में कुछ मुस्लिम युवक घूम रहे थे, उनसे पूछताछ के दौरान बहस बढ़ गई और मामला बिगड़ गया। इस हिंसा में अंधेरे का फायदा उठाकर उपद्रवियों ने हमले किए और फिर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि हालात और न बिगड़ें। गरबा जैसे सांस्कृतिक आयोजन में हुई इस हिंसा ने पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।