NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

गोबिंद सागर झील में युवक ने लगाई छलांग: फोरलेन पर बाइक खड़ी कर छोड़ा जिंदगी का सफर अधूरा

बिलासपुर/26/10/2025

suicide

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी के पास रविवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर गोबिंद सागर झील में छलांग लगा दी। घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला कर रख दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को धराड़सानी की ओर से झील में कूदते हुए देखकर एक वाहन चालक ने शोर मचाया। कुछ ही मिनटों में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत झंडूता पुलिस थाने को सूचना दी। पुलिस टीम राहत एवं बचाव दल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।

सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली बाइक और बैग

पुलिस को झील में छलांग लगाने वाली जगह से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक मोटरसाइकिल (HP 21C-8808) लावारिस हालत में मिली। बाइक के पास एक हेलमेट और एक बैग भी बरामद किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान की, जो राजीव कुमार (28) पुत्र जागीर सिंह, निवासी गांव अंबोहा, डाकघर रोपड़ी, जिला हमीरपुर के रूप में हुई।

मानसिक रूप से परेशान था युवक, नौकरी भी छोड़ी थी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजीव कुमार पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वह पहले बद्दी की एक कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन लगभग तीन से चार महीने पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। परिवारवालों के अनुसार, रविवार सुबह वह घर से यह कहकर निकला था कि वह बद्दी से अपना सामान लेने जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा।

गोताखोरों की टीम जुटी तलाश में, देर शाम तक नहीं मिला सुराग

सूचना मिलते ही झंडूता पुलिस ने बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड) के गोताखोरों को मौके पर बुलाया। मोटर बोट की मदद से झील में युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल पाया। डीएसपी बिलासपुर ने दी जानकारी

डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि “गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। युवक के इस कदम के पीछे की असली वजह की जांच की जा रही है।”

क्षेत्र में पसरा मातम, लोगों में आघात

राजीव कुमार के झील में कूदने की खबर जैसे ही फैली, क्षेत्र में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचकर बेसुध हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और युवक की तलाश रातभर जारी रहेगी।

Scroll to Top