सोना या बुलबुला? कीमतों में 40% गिरावट की भविष्यवाणी, एक्सपर्ट्स ने दी चेतावनी
त्योहारी सीजन में जहां लोग सोना खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार से एक बड़ी चेतावनी सामने आई है। सोने की कीमतें हाल ही में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। 24 कैरेट सोना ₹1.13 लाख प्रति 10 ग्राम बिक रहा है, जबकि चांदी ₹1.5 लाख प्रति किलो की ओर बढ़ रही है। लेकिन जेपी मॉर्गन और ICICI प्रूडेंशियल जैसे दिग्गज निवेश विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की मौजूदा तेजी टिकाऊ नहीं है और इसमें 40% तक की गिरावट आ सकती है। उनका कहना है कि यह रफ्तार किसी बुलबुले की तरह है, जो कभी भी फट सकता है।
हालांकि नवरात्रि के मौके पर सोने की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को सोना ₹114,044 से घटकर ₹113,580 प्रति 10 ग्राम तक आ गया। लेकिन यह राहत बेहद सीमित है और कीमतें अब भी इतनी ऊंचाई पर हैं कि आम लोगों के लिए खरीदारी करना मुश्किल हो गया है।
GST का बोझ भी ग्राहकों पर बना हुआ है। सोना 3% GST के दायरे में है, जिसमें आधा हिस्सा केंद्र सरकार और आधा राज्य सरकार को जाता है। इसके अलावा मेकिंग चार्ज पर 5% GST अलग से देना पड़ता है। इसका मतलब है कि उपभोक्ता को सोने की असल कीमत से कहीं ज्यादा खर्च करना पड़ता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैश्विक तनाव, डॉलर की कमजोरी और सरकारों द्वारा बड़े पैमाने पर सोने की खरीदारी जारी रही तो कीमतें और चढ़ सकती हैं। कुछ अनुमानों के अनुसार, साल के अंत तक सोना ₹1.5 लाख प्रति 10 ग्राम का स्तर भी छू सकता है। पिछले छह वर्षों में सोने की कीमतें तीन गुना तक बढ़ चुकी हैं।
फिर भी, बाजार विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि यह तेजी अस्थिर है। जेपी मॉर्गन के CEO जेमी डिमन और ICICI प्रूडेंशियल के CIO एस. नरेन ने कहा है कि सोना, क्रिप्टो और शेयर बाजार में अत्यधिक सकारात्मक भावना बुलबुले का संकेत दे रही है, जो किसी भी समय फूट सकती है।
आज का सोने का रेट (25 सितंबर 2025):
24 कैरेट सोना – ₹1,13,580 प्रति 10 ग्राम
22 कैरेट सोना – ₹1,04,040 प्रति 10 ग्राम
18 कैरेट सोना – ₹85,190 प्रति 10 ग्राम
जानकारों की सलाह है कि फिलहाल भारी निवेश या खरीदारी से बचना चाहिए। अगर शादी या जरूरत के लिए सोना खरीदना जरूरी हो, तो किस्तों में लेना या फिर संभावित गिरावट का इंतजार करना समझदारी भरा कदम होगा।