जीएसटी आज़ादी के बाद का सबसे बड़ा रिफॉर्म : डॉ. राजीव बिंदल
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि जीएसटी में हुआ सुधार आज़ादी से अब तक का सबसे बड़ा रिफॉर्म है, जिससे आम जनता की जेब में प्रति वर्ष 2 लाख 5 हजार करोड़ रुपए वापस जाएंगे।
वे शिमला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जीएसटी धन्यवाद सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर प्रत्याशी संजय सूद, प्रदेश महामंत्री पायल, प्रदेश सचिव संजय ठाकुर, कमल सूद, कर्ण नंदा, केशव चौहान, राजीव पंडित, संजीव पिंकू, गगन लखनपाल, संजीव देष्टा, गुरमीत सिंह, रमा ठाकुर और सुदीप महाजन भी मौजूद रहे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पहले 12% टैक्स स्लैब में 400 से अधिक वस्तुएं शामिल थीं, जिनमें से अब 90% वस्तुएं 5% टैक्स स्लैब और 10% वस्तुएं शून्य प्रतिशत टैक्स स्लैब में आ गई हैं। इससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।
उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के प्रयासों से छोटी गाड़ियों से लेकर रोज़मर्रा के सामान तक पर आम जनता को बड़ा लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत में “मोदी मैजिक” हर संकट में काम करता है—चाहे कोविड जैसी महामारी हो या आर्थिक चुनौतियाँ। कोविड के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी विभागों को विकास के लिए 10 लाख करोड़ रुपए का पैकेज दिया था और भारत दुनिया की सबसे तेज़ रिकवर करने वाली अर्थव्यवस्था बना।
बिंदल ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ 7 लाख तक आयकर में रिबेट की मांग की थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इसे बढ़ाकर 12.50 लाख रुपए कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल खोखले वादे करती है और युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों व किसानों के साथ धोखा करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बैरियर और भ्रष्टाचार साथ-साथ चलते थे, लेकिन मोदी सरकार ने इस व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर दिया।