हमीरपुर के शिवम कानूनगो ने ICAR परीक्षा में हासिल की 2nd रैंक, IARI से करेंगे PhD
हमीरपुर/23/09/2025
हमीरपुर जिले के भोरंज क्षेत्र के होनहार छात्र शिवम कानूनगो ने ICAR की अखिल भारतीय प्रतियोगी परीक्षा जेआरएफ/एसआरएफ 2025 में अखिल भारतीय स्तर पर दूसरा स्थान (AIR-2) हासिल किया। इस उपलब्धि ने उनके परिवार, क्षेत्र और पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया।
शिवम अब भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), नई दिल्ली से फ्लोरीकल्चर और लैंडस्केपिंग में PhD की पढ़ाई करेंगे। आईएआरआई में प्रवेश पाना हर कृषि छात्र का सपना होता है और शिवम ने इसे शीर्ष रैंक के साथ साकार किया।
शिवम ने अपनी स्नातक की पढ़ाई डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के अंतर्गत कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, नेरी (हमीरपुर) से और परास्नातक (MSc) की डिग्री शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, जम्मू से फ्लोरीकल्चर और लैंडस्केपिंग में पूरी की।
शिवम की सफलता की खबर उनके पैतृक गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ा गई। परिवार, रिश्तेदार और शिक्षक उनकी उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। शिवम ने इस सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और अपनी कड़ी मेहनत को दिया।
प्रदेश के लिए यह गर्व की बात है कि हिमाचल के छात्र राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षाओं में शीर्ष रैंक हासिल कर रहे हैं। शिवम की यह उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।