NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

भजन गायक हंसराज रघुवंशी को जान से मारने की धमकी: लॉरेंस गैंग का नाम लेकर मांगी 15 लाख की फिरौती, मोहाली में FIR दर्ज

मोहाली/26/10/2025

handsrakj

मशहूर भजन ‘मेरा भोला है भंडारी’ से पहचान बनाने वाले भजन गायक हंसराज रघुवंशी को परिवार समेत जान से मारने की धमकी देने और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धमकी देने वाला आरोपी खुद को लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह का सदस्य बताता है। इस मामले में हंसराज के पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड विजय कटारिया की शिकायत पर मोहाली के जीरकपुर थाने में मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी राहुल कुमार नागड़े के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

शादी में घुसपैठ कर बनाया भरोसेमंद रिश्ता


आरोपी राहुल नागड़े हंसराज से करीब तीन साल पहले उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुए एक कार्यक्रम के दौरान मिला था। इसके बाद वह उनके संपर्क में आ गया और खुद को बड़ा फैन बताते हुए परिवार के करीब पहुंच गया। इतना ही नहीं, वह हंसराज की शादी में भी शामिल हुआ और उस दौरान परिवार और टीम के सदस्यों के संपर्क नंबर भी हासिल कर लिए। धीरे-धीरे उसने खुद को सिंगर का छोटा भाई बताना शुरू कर दिया और लोगों से पैसे और महंगे गिफ्ट मांगने लगा।

सोशल मीडिया पर सिंगर के नाम से अकाउंट बनाया

सिक्योरिटी गार्ड विजय कटारिया ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने ‘राहुल रघुवंशी’ नाम से सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर खुद को सिंगर से जुड़ा बताया। शुरुआत में वह लगातार सिंगर से उस अकाउंट को फॉलो करने की रिक्वेस्ट करता रहा और आखिरकार 2023 में हंसराज ने उसे फॉलो कर लिया। इसके बाद आरोपी ने इस नजदीकी का फायदा उठाते हुए फैंस से ठगी शुरू कर दी।

महिला को झांसा देकर अपने साथ ले गया

आरोपी ने खुद को हंसराज का छोटा भाई बताकर ओडिशा की एक महिला को अपने साथ ले जाने का भी आरोप है। जब मामला सामने आया तो हंसराज ने उसे सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया। इसके बाद आरोपी ने धमकी भरे कॉल और वॉट्सऐप मैसेज भेजने शुरू किए। उसने कहा कि वह लॉरेंस और गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़ा है और किसी ने उसे सिंगर की हत्या के लिए पैसे दिए हैं।

पैसे नहीं देने पर की बदनाम करने की कोशिश

शिकायत के अनुसार, जब हंसराज ने आरोपी को पैसे देने से इनकार किया तो उसने सोशल मीडिया पर फर्जी और आपत्तिजनक पोस्ट डालनी शुरू कर दी। 29 और 30 अगस्त 2025 को आरोपी ने फेसबुक पर सिंगर और उनके परिवार की छवि खराब करने के लिए कई पोस्ट कीं। इसके बाद उसने सिंगर को फोन कर दोबारा धमकी दी कि अगर 15 लाख रुपये नहीं दिए गए तो वह गंभीर परिणाम भुगतेंगे।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी राहुल नागड़े के खिलाफ BNS की धाराएं 296, 351(2), 308(5) और IT एक्ट की धारा 67 के तहत FIR दर्ज की है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास जारी हैं और उसके नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

हंसराज रघुवंशी: संघर्ष से बुलंदी तक का सफर

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के रहने वाले हंसराज रघुवंशी ने आर्थिक तंगी के दौर में कई मुश्किलें झेलीं। नौकरी की तलाश में दिल्ली तक गए, लेकिन वहां सफलता नहीं मिली। बाद में एक कॉलेज कैंटीन में काम करते हुए वे भजन गाने लगे, और वहीं से उनकी पहचान बनने लगी।

कैंटीन में एक छात्र ने उन्हें सलाह दी कि वे अपने भजन सोशल मीडिया पर डालें। इसी सुझाव ने उनकी जिंदगी बदल दी। उनका भजन ‘मेरा भोला है भंडारी’ वायरल हुआ और हंसराज रातोंरात पूरे देश में लोकप्रिय हो गए।

अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान हंसराज ने ‘युग राम राज का आ गया...’ भजन गाया, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहा और सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लोगों से इसे सुनने की अपील भी की।

Scroll to Top