NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हरियाणा भाजपा सरकार हिमाचल आपदा में करेगी बड़ा सहयोग

शिमला/06/09/2025

bm hariyana

शिमला: हिमाचल प्रदेश में आई आपदा के मद्देनजर हरियाणा भाजपा सरकार ने बड़े पैमाने पर राहत सहायता भेजने का निर्णय लिया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल के आग्रह पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल 7 सितंबर 2025 को प्रातः 9:00 बजे पंचकुला स्थित भाजपा कार्यालय से चंबा के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री की बड़ी खेप रवाना करेंगे।

राहत खेप में 500 तरपाल, 100 क्विंटल चावल, 500 गद्दे, 50 क्विंटल आटा, 500 कंबल, 10 क्विंटल दाल, 1000 बोतल तेल के अलावा मसाले, हल्दी, नमक और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। यह राहत सामग्री सीधे प्रभावित क्षेत्रों में वितरित की जाएगी।

संजय कटवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार प्राकृतिक आपदाओं से लोगों को होने वाली कठिनाइयों को कम करने के लिए प्रभावित राज्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल का गठन किया गया है, जो मौके पर जाकर स्थिति और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों का आकलन करेगा।

हिमाचल प्रदेश में पहले ही एक केंद्रीय दल और एक बहु-क्षेत्रीय दल ने नुकसान का जायजा लिया है। केंद्रीय दलों का नेतृत्व गृह मंत्रालय/राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के संयुक्त सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे। इन दलों में व्यय, कृषि और किसान कल्याण, जल शक्ति, ऊर्जा, सड़क परिवहन और राजमार्ग, ग्रामीण विकास मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

अमित शाह के निर्देश पर गृह मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश, बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम भेजने का निर्णय लिया है।

इस पहल से प्रभावित लोगों को राहत मिलने के साथ ही आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों को और मजबूती मिलेगी।

Scroll to Top