NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में विवाद: मीटिंग के दौरान आंगनबाड़ी वर्कर द्वारा पंच पर हमला, भ्रष्टाचार का आरोप

कुरुक्षेत्र/30/10/2025

slappp

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद क्षेत्र के बिजड़पुर गांव में ग्राम सभा की बैठक के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। बैठक के बीच आंगनबाड़ी वर्कर ने गांव के पंच प्रीतपाल सिंह को थप्पड़ मार दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में एक महिला पंच पर हमला करते हुए दिखाई दे रही है, हालांकि वीडियो में चेहरे साफ़ तौर पर दिखाई नहीं देते।

27 अक्टूबर को ग्राम सभा की बैठक बुलाई गई थी। पंच प्रीतपाल के मुताबिक, उन्हें नोटिस देकर मीटिंग में बुलाया गया था। वे समय पर पहुंचे, लेकिन बैठक तय समय से करीब 40 मिनट देर से शुरू हुई। आवश्यक काम होने के कारण वे पहले साइन करने लगे, तभी आंगनबाड़ी वर्कर उनके पास आई और गुस्से में उन्हें 2–3 थप्पड़ मार दिए। पंच ने आरोप लगाया कि महिला ने उनकी दाढ़ी पकड़कर खींची और पगड़ी गिराने की भी कोशिश की। घटना के बाद उन्होंने तत्काल डायल-112 पर कॉल कर शिकायत दी।

पंच प्रीतपाल सिंह का कहना है कि यह हमला पहले से रची गई साजिश का हिस्सा है। उनका आरोप है कि उन्होंने गांव के विकास कार्यों में हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायत DC, BDPO और अन्य अधिकारियों को दी थी। उसी रंजिश में सरपंच और ग्राम सचिव ने महिला को उनके खिलाफ उकसाया और हमला करवाया।

वहीं, दूसरी ओर सरपंच जैंटी कुमार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। सरपंच का कहना है कि बैठक में किसी तरह की मारपीट नहीं हुई, सिर्फ बहस हुई थी और वायरल वीडियो में भी स्पष्ट चेहरों की पहचान नहीं होती। सरपंच ने दावा किया कि पंच पर भी महिला के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप है।

फिलहाल, पंच की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बैठक में हुए झगड़े का वीडियो सामने आने से गांव में यह विषय चर्चा का केंद्र बना हुआ है। प्रशासन अब CCTV फुटेज और वीडियो की सत्यता की जांच कर रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top