हरियाणा में बड़ा खुलासा — रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया सब-इंस्पेक्टर, केस से नाम हटाने के लिए मांगे थे 1 लाख रुपये
करनाल/19/11/2025
हरियाणा के करनाल जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने पुलिस विभाग के एक सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी ईएसआई राजकुमार एक महिला से उसके भाई का नाम केस से हटाने के एवज में 1 लाख रुपये की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और मंगलवार को उसे चाय की दुकान पर रंगे हाथ पकड़ लिया।
मामला कुंजपुरा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। युवक सुमित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज एक मामले की जांच ईएसआई राजकुमार कर रहा था। शिकायतकर्ता अमित ने आरोप लगाया कि उसका भाई भी इस मामले में फंस सकता था, इसलिए सब-इंस्पेक्टर ने नाम हटाने के बदले ₹1,00,000 की रिश्वत की मांग की थी। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई।
एसीबी टीम ने पहले से तैयार ट्रैप योजना के तहत सब-इंस्पेक्टर को बुलाए गए स्थान—एक चाय की दुकान—पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। अधिकारियों का कहना है कि उनके पास सबूत के रूप में नोटों की गिनती, सीरियल नंबर और रिकॉर्डिंग मौजूद हैं।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि एक महिला द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों के संबंध में उनके पास अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है, लेकिन यदि शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। आरोपी ईएसआई को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।