हिमाचल प्रदेश बिलासपुर बस हादसा: 16 लोगों की मौत, मलबे से बच्चे का शव बरामद, 2 घायल
बिलासपुर/08/10/2025
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक यात्री बस पर पहाड़ी से मलबा गिरने से अब तक 16 लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय बस में बच्चे भी सवार थे। एनडीआरएफ की टीम ने बुधवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान एक बच्चे का शव मलबे से बरामद किया। इस हादसे में दो बच्चे सुरक्षित निकलने में सफल रहे, जबकि एक बच्चा और एक लड़की घायल हैं।
बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने बताया कि मृतकों में 9 पुरुष, 4 महिलाएं और 2 लड़के शामिल हैं। हादसे के सभी मृतकों के शवों का बरठी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम बुधवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
हादसा बरठी के पास भलू इलाके में हुआ, जब लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा गिरा और बस की छत टूटकर खाई में जा गिरी। पूरी बस मलबे में दब गई। यह बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
हादसे में जिन लोगों की मौत हुई, उनमें शरीफ खान, रजनीश कुमार, चुन्नी लाल, सोनू, बख्शी राम, नरेंद्र शर्मा, कृष्ण लाल, नक्ष, प्रवीण कुमार, अंजना देवी, आरव, कांता देवी, विमला, कमलेश और संजीव कुमार शामिल हैं। वहीं आरुषि और शौर्य घायल हुए हैं।