पंजाबी संगीत जगत में शोक की लहर: गायक राजवीर जवंदा नहीं रहे, हिमाचल हादसे के 11 दिन बाद जिंदगी से हारे जंग
हिमाचल /08/10/2025
पंजाबी संगीत जगत से एक दर्दभरी खबर — मशहूर गायक राजवीर जवंदा का निधन हो गया है। हिमाचल प्रदेश के बद्दी में 27 सितंबर को हुए भीषण सड़क हादसे के बाद वे मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती थे। बुधवार सुबह उन्होंने 11 दिन की लंबी जंग लड़ने के बाद अंतिम सांस ली।
डॉक्टरों के मुताबिक, हादसे में राजवीर को सिर, गर्दन और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं। एमआरआई रिपोर्ट में ब्रेन हाइपॉक्सिया और स्पाइनल कॉर्ड डैमेज की पुष्टि हुई थी। लगातार इलाज और वेंटिलेटर सपोर्ट के बावजूद उनकी हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार वे जिंदगी की जंग हार गए।
दुर्घटना के दिन राजवीर अपने दोस्तों के साथ शिमला की ओर बाइक से निकले थे, लेकिन बद्दी के पास उनकी मोटरसाइकिल हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद राहत न मिलने और अस्पताल ले जाते समय दो बार हार्ट अटैक आने से स्थिति और नाजुक हो गई थी।
इस मुश्किल घड़ी में पंजाबी फिल्म और संगीत जगत उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहा। गिप्पी ग्रेवाल, कंवर ग्रेवाल और कुलविंदर बिल्ला जैसे कलाकार लगातार संपर्क में रहे और परिवार को हरसंभव सहयोग दिया। वहीं सिंगर जीत जगजीत ने कुछ दिन पहले फैल रहीं ‘ब्रेन डेड’ अफवाहों का खंडन करते हुए कहा था कि “डॉक्टर पूरी कोशिश कर रहे हैं, विजिटर्स पर रोक सिर्फ इलाज में व्यवधान से बचने के लिए लगाई गई है।”
परिजनों के अनुसार, हादसे के दिन राजवीर की पत्नी और मां ने उन्हें बाइक से न जाने की सलाह दी थी, मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। फैंस और परिजनों की दुआएं भी उनकी जिंदगी नहीं बचा सकीं।
राजवीर जवंदा का यूं अचानक जाना न सिर्फ पंजाबी संगीत जगत बल्कि लाखों प्रशंसकों के लिए भी गहरा सदमा है।