हिमाचल कैबिनेट ने 4000 से अधिक पदों पर भर्तियों को दी मंजूरी, हायर ग्रेड पे अधिसूचना निरस्त
शिमला/15/09/2025
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 4000 से अधिक पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट ने बिजली बोर्ड में आउटसोर्स आधार पर 1602 बिजली उपभोक्ता मित्रों की भर्ती की हरी झंडी दी है। इसके साथ ही राज्य चयन आयोग के माध्यम से 1000 टी-मेट, 645 पटवारी, 400 स्टाफ नर्स, 300 पंचायत सचिव और 200 एमबीबीएस डॉक्टरों की नियुक्ति की भी मंजूरी मिली है।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि मेडिकल कॉलेजों में 38 असिस्टेंट प्रोफेसर और सचिवालय में 25 स्टेनो टाइपिस्ट के पद भी भरे जाएंगे। कर्मचारियों के हित में जारी हायर ग्रेड पे की 6 सितंबर की अधिसूचना को निरस्त करने का भी निर्णय लिया गया है।
शिक्षा सुधार के तहत कैबिनेट ने पहले चरण में 100 सरकारी स्कूलों को CBSE पाठ्यक्रम में बदलने का भी ऐलान किया है। स्वास्थ्य सेवा में सुधार के लिए 28 आदर्श स्वास्थ्य केंद्रों में डायलिसिस सुविधा शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री की स्टार्टअप योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में होमस्टे व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए ब्याज दरों में रियायत दी जाएगी।
यह निर्णय प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर शैक्षिक और स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।