हिमाचल में सीमैंट होगा महंगा, कंपनियों ने बढ़ाए दाम – उपभोक्ताओं की बढ़ेंगी मुश्किलें
सोलन/24/08/2025
सोलन : हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। आने वाले दिनों में सीमैंट की कीमतें 25 से 30 रुपए प्रति बैग तक बढ़ सकती हैं। सीमैंट कंपनियों ने अपने डीलरों को मैसेज भेजकर इस बढ़ोतरी की जानकारी दी है। यह कदम तब उठाया जा रहा है, जब केंद्र सरकार सीमैंट पर लगने वाले जीएसटी (गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स) को 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने की तैयारी कर रही है।
आमतौर पर टैक्स घटने से कीमतें कम होने की उम्मीद रहती है, लेकिन इस बार कंपनियों ने उल्टा रास्ता अपनाते हुए दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। उनका तर्क है कि लागत और बाजार की स्थिति को देखते हुए दाम बढ़ाना जरूरी है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही सीमैंट की कीमतों में 10 रुपए प्रति बैग की बढ़ोतरी की गई थी। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में सीमैंट का दाम 435 रुपए से लेकर 545 रुपए प्रति बैग तक है, जो अलग-अलग ब्रांड और लोकेशन पर निर्भर करता है। लेकिन अगर नई बढ़ोतरी लागू हुई तो कीमतें और ज्यादा बढ़ जाएंगी।
यह स्थिति आम उपभोक्ताओं और खासकर निर्माण कार्य करवाने वालों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है, क्योंकि सीमैंट महंगा होने से घर बनाने की लागत और भी बढ़ जाएगी।