NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल के CM सुक्खू बोले — पंचायत चुनाव रद्द नहीं, सिर्फ स्थगित किए गए; सड़कें बहाल होते ही होंगे चुनाव

शिमला/10/10/2025

sukhu ji winder

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि राज्य में पंचायत चुनाव रद्द नहीं, बल्कि केवल पोस्टपोन (स्थगित) किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंचायत चुनाव जरूर कराएगी, लेकिन इस समय आपदा राहत और पुनर्वास कार्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगर अभी चुनाव कराए जाते हैं, तो प्रशासनिक अधिकारी चुनाव कार्यों में व्यस्त हो जाएंगे और आपदा प्रभावित लोगों को राहत देने में मुश्किलें बढ़ेंगी।

सीएम सुक्खू ने कहा कि इस बार की तबाही 2023 से भी ज्यादा भयानक रही है। अभी तक सरकार कई पंचायतों की सड़कों को जोड़ने में सफल नहीं हो पाई है। सड़कों की बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के घर टूट गए, जिनकी जमीनें या पशु बह गए, उन्हें राहत राशि देना और पुनर्वास करना सरकार की पहली जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में डिजास्टर एक्ट लागू है और सभी जिलाधिकारियों (DCs) से चर्चा के बाद ही चुनाव को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा, “हम पंचायतीराज चुनाव जरूर कराएंगे, लेकिन पहले आपदा से निपटना और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।”

सुक्खू ने कहा कि विपक्ष इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी को हर बात में राजनीति दिखती है। बीजेपी की आदत बन गई है हर मुद्दे को तूल देने की। सरकार की प्राथमिकता जनता की सेवा है, राजनीति नहीं।”

सड़कें बहाल होते ही चुनाव कराए जाएंगे

मुख्यमंत्री ने बताया कि जैसे ही सड़कों की मरम्मत और बहाली पूरी हो जाएगी, पंचायत चुनाव तुरंत कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव 23 जनवरी तक हर हाल में कराए जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि “पंचायत चुनाव रद्द नहीं किए गए हैं, बल्कि अस्थायी रूप से टाले गए हैं।”

विपक्ष का हमला: “कांग्रेस चुनाव से भाग रही है”


वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर चुनाव से भागने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस सरकार पंचायत चुनाव न करवाकर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्हें हार का डर है, इसलिए चुनाव टाले जा रहे हैं।”

सीएम सुक्खू का पलटवार: “बीजेपी पांच गुटों में बंटी”


सीएम सुक्खू ने जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी खुद पांच गुटों में बंटी हुई है। उन्होंने कहा, “मैं पहले ही कह चुका हूं कि बीजेपी में गुटबाजी चरम पर है। मंडी में जयराम ठाकुर का दर्द झलक चुका है, वहीं अनुराग ठाकुर के समर्थन में नारे लगे। रमेश धवाला बयानबाजी कर रहे हैं, और हर्ष महाजन व राजीव बिंदल का अलग गुट है।”

उन्होंने कहा कि बीजेपी असल मुद्दों को छोड़कर सिर्फ बयानबाजी में लगी हुई है, जबकि कांग्रेस सरकार राहत और पुनर्वास कार्यों में पूरी तत्परता से जुटी है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार जनता के साथ खड़ी है और जब तक हर आपदा प्रभावित परिवार को राहत नहीं मिल जाती, सरकार चैन से नहीं बैठेगी।

Scroll to Top