हिमाचल कांग्रेस को जल्द मिलेगा नया अध्यक्ष: सीएम सुक्खू बोले– अक्टूबर के आखिर या नवंबर की शुरुआत में होगा ऐलान, हाईकमान करेगा अंतिम फैसला
शिमला/18/10/2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से चल रही संगठनात्मक सुस्ती अब खत्म होने वाली है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश को अक्टूबर के अंतिम सप्ताह या नवंबर के पहले हफ्ते तक नया अध्यक्ष मिल जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस पद को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही खबरें भ्रामक हैं और इन पर विश्वास नहीं करना चाहिए। सुक्खू ने बताया कि अध्यक्ष की नियुक्ति का फैसला पूरी तरह से पार्टी हाईकमान के विवेक पर निर्भर करेगा।
जानकारी के अनुसार, मौजूदा अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की जगह किसी नए चेहरे को संगठन की कमान सौंपी जाएगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस पद के लिए कुलदीप राठौर का नाम सबसे आगे चल रहा है, जबकि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और विनय कुमार भी मजबूत दावेदारों में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की स्वीकृति के बाद ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
सीएम सुक्खू के दिल्ली दौरे से लौटने के बाद प्रदेश कांग्रेस में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दो दिन पहले रोहित ठाकुर और कुलदीप राठौर भी दिल्ली से शिमला लौटे हैं। इसे आगामी संगठनात्मक बदलाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
ठियोग में मीडिया से बातचीत के दौरान कुलदीप राठौर ने भी यह स्वीकार किया कि वह अध्यक्ष पद की रेस में हैं। उन्होंने कहा, “जो भी जिम्मेदारी पार्टी हाईकमान देगा, मैं उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा।” राठौर का कहना है कि वह पहले भी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
फिलहाल, प्रदेश कांग्रेस में केवल प्रतिभा सिंह ही पद पर कार्यरत हैं, जबकि राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर की सभी कार्यकारिणियां करीब एक साल पहले भंग की जा चुकी हैं। अब नए अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद संगठन को फिर से सक्रिय रूप में खड़ा किया जाएगा।
पार्टी के भीतर माना जा रहा है कि दीवाली के बाद हिमाचल कांग्रेस को नया नेतृत्व मिलेगा, जिससे संगठन में नई ऊर्जा और दिशा आने की उम्मीद है।