हिमाचल में कांग्रेस संगठन विस्तार इसी माह, नए अध्यक्ष पर भी होगा फैसला: सीएम सुक्खू
शिमला/07/10/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन के विस्तार की प्रक्रिया इसी माह पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि संगठन विस्तार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और इस माह के अंत तक नए अध्यक्ष के चयन सहित संगठन पुनर्गठन का काम पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फिलहाल पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम 13 अक्टूबर को निर्धारित है, जिसके बाद संगठन विस्तार की घोषणा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रतिमा अनावरण के बाद कांग्रेस संगठन विस्तार कर लिया जाएगा। सोनिया गांधी के आने की संभावना है, लेकिन आधिकारिक कार्यक्रम घोषित होने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।”
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस बार सर्दियां समय से पहले शुरू हो गई हैं, जो क्लाइमेट चेंज का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष भी उठाया गया था, जिसके बाद केंद्र सरकार ने विशेषज्ञ टीम हिमाचल भेजी थी।
सुक्खू ने कहा कि मानसून सीजन में हुई तबाही से हुए नुकसान की रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेज दी गई है, और प्रधानमंत्री द्वारा राहत पैकेज की घोषणा के बावजूद अब तक 1500 करोड़ रुपए की राशि नहीं आई है। उन्होंने कहा, “जैसे ही केंद्र से राशि मिलेगी, हम प्रधानमंत्री का धन्यवाद करेंगे।”
पर्यटन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल अब पूरी तरह सुरक्षित है और पर्यटकों का स्वागत करने को तैयार है। उन्होंने देशभर के पर्यटकों से “हिमाचल आने और यहां की शुद्ध वायु और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने” की अपील की।
मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि यह संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा पर हमला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
पंचायत चुनावों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन का गठन पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा, “इसी माह हिमाचल में नया कांग्रेस संगठन बन जाएगा।”