हिमाचल में कांग्रेस का "वोट चोर गद्दी छोड़" सिग्नेचर अभियान शुरू
13 अक्टूबर तक जुटाए जाएंगे 1 लाख हस्ताक्षर
शिमला/04/10/2025
शिमला। कांग्रेस पार्टी ने देशभर में चल रहे वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान की शुरुआत हिमाचल प्रदेश में भी कर दी है। शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय शिमला से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 13 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलेगा। कांग्रेस ने हिमाचल में एक लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए सभी 12 जिलों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
अभियान के लिए हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री को संयोजक और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर को सह-संयोजक बनाया गया है। इस संबंध में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और एआईसीसी महासचिव की मौजूदगी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अंतिम निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान मतदाता सूचियों में हो रही कथित गड़बड़ियों और फर्जी वोटों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि “यदि किसी विधानसभा क्षेत्र में 50-100 वोट भी काट दिए जाएं, तो चुनावी परिणाम बदल सकते हैं। ऐसे में कांग्रेस ने लोकतंत्र को बचाने के लिए यह अभियान राष्ट्रीय स्तर पर शुरू किया है और हिमाचल में इसकी शुरुआत आज शिमला से हुई है।”
वहीं डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि कांग्रेस ने 15 दिनों में 1 लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो पूरे अभियान की निगरानी करेगा और डुप्लीकेसी पर भी नजर रखेगा।
इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और अभियान सह-प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि राहुल गांधी लगातार सबूतों और दस्तावेजों के साथ यह मुद्दा उठा रहे हैं कि भाजपा मतदाता सूची में हेराफेरी और फर्जी वोट डालकर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और लोगों को जागरूक करेगी।