देव छमाहूं की देववाणी: देव आदेश मानो, हिमाचल को आंच नहीं आने देंगे
बालीचौकी । हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और आपदाओं के बीच बुधवार को बालीचौकी में देव छमाहूं खणी के अधिष्ठाता देवता ने अपनी देववाणी दी। देवता ने स्पष्ट कहा कि यदि मानव देव आदेशों का पालन करेगा तो देवभूमि हिमाचल को किसी तरह की आंच नहीं आने दी जाएगी और प्रदेश को पहले जैसा स्वर्ग रूपी हिमाचल बनाया जाएगा।
देव खरीडू के गूर गुलाब सिंह के माध्यम से आई देववाणी में कहा गया कि वर्तमान संकट के लिए मानव ही जिम्मेदार है। देवता ने कहा कि बारिश रोकना और करवाना उनके लिए कोई कठिन काम नहीं है, लेकिन लोगों को समय रहते चेतने और देव आदेशों का पालन करने की आवश्यकता है।
देवता के करदार गोविंद राम ने जानकारी दी कि बुधवार को देव छमाहूं खणी और देव छमाहूं पल्दी अपने हारियानों के साथ धामण से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने मन ही मन देवता से अपनी अर्ज रखी। इसे सुनकर देवता अपने सेवक में प्रकट हुए, लोगों की मन्नत पूरी करने का वचन दिया और देव आदेश मानने की ताकीद की। इस मौके पर देवलू वाद्ययंत्रों की धुनों पर भक्तों ने खूब नृत्य किया और दोनों देवता मिलकर अपने-अपने घर लौटे।
मौसम में राहत, लोगों ने लगाई देवताओं से गुहार
प्रदेश में भारी बारिश के बीच जारी रेड अलर्ट के बावजूद बुधवार को मौसम साफ रहा। मंडी जिले में धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। मंगलवार को मंडी और कुल्लू जिलों के सैकड़ों लोग बारिश रोकने के लिए देवी-देवताओं के दरबारों में पहुंचे थे। उन्होंने भजन-कीर्तन कर देवताओं से प्रार्थना की। इसके बाद देवताओं ने बारिश को रोकने का आश्वासन भी दिया था।