NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में नशे के सौदागरों पर बड़ी कार्रवाई: सरकारी जमीन पर बने आलिशान घरों पर चला बुलडोजर

कांगड़ा/27/10/2025

GHROOO

कांगड़ा जिले के नूरपुर में पुलिस ने चिट्टा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके अवैध रूप से बनाए गए आलीशान मकानों पर बुलडोजर चला दिया। नशे के कारोबार से जुड़े इन तस्करों पर पंजाब और हिमाचल में कुल 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें पुलिस ने राजस्व विभाग और प्रशासन की मदद से सरकारी जमीन को कब्जामुक्त करवाया।

नूरपुर के एसपी अशोक रत्न ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई उप-तहसील नंगल के श्याम भटेरियां गांव में की गई। जांच में पाया गया कि तस्करों ने श्यामलात भूमि यानी सरकारी जमीन पर मकान खड़े किए थे। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

आरोपियों की पहचान सोनिया पत्नी नरेंद्र कुमार, परमजीत, दीपक और बुआ दास के रूप में हुई है। ये सभी भदरोया इलाके के निवासी हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन चारों पर पंजाब और हिमाचल प्रदेश के डमटाल क्षेत्र में 27 केस दर्ज हैं, जिनमें से अधिकांश NDPS एक्ट से संबंधित हैं।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मकान और संपत्ति की खरीद-फरोख्त में इस्तेमाल किया गया पैसा चिट्टा तस्करी से कमाया गया था। पुलिस ने जब्त संपत्ति की वित्तीय जांच रिपोर्ट तैयार की, जिसके आधार पर हिमाचल प्रदेश भूमि राजस्व अधिनियम, 1954 की धारा 163 के तहत कार्रवाई करते हुए कब्जा हटाया गया।

25 अक्टूबर को एसपी नूरपुर की टीम ने प्रशासन की मौजूदगी में इन मकानों को खाली करवाया और बुलडोजर चलाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया।

एसपी अशोक रत्न ने कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। “जो लोग नशे के पैसों से संपत्ति बना रहे हैं, उनके खिलाफ ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी,” उन्होंने कहा।

हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। नशे के सौदागर न केवल युवाओं को बर्बाद कर रहे हैं, बल्कि काली कमाई से अवैध संपत्तियां भी खड़ी कर रहे हैं। पुलिस की यह कार्रवाई प्रदेश में नशे के खिलाफ लड़ाई में एक मजबूत संदेश मानी जा रही है।

Scroll to Top