NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में फिर कांपी धरती: शिमला में 3.2 तीव्रता का भूकंप,कोई नुकसान नहीं

शिमला/31/10/2025

bhukamp

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार सुबह हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह लगभग 7 बजकर 02 मिनट 50 सेकंड पर आए इस भूकंप की तीव्रता 3.2 रिएक्टर स्केल मापी गई। नेशनल सेंटर ऑफ सिस्मॉलॉजी और मौसम विज्ञान केंद्र ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भूकंप का केंद्र शिमला शहर से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

झटके इतने हल्के थे कि अधिकांश लोगों को इसका एहसास भी नहीं हुआ। राहत की बात यह है कि भूकंप के कारण किसी तरह के जानमाल के नुकसान या क्षति की कोई सूचना नहीं है। प्रशासन ने स्थिति को सामान्य बताया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

हिमाचल प्रदेश भूकंप संवेदनशील जोन में आता है, इसलिए यहां समय-समय पर हल्की गतिविधियां देखी जाती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, शिमला और मंडी ऐसे क्षेत्र हैं जहां बड़ा भूकंप आने की संभावना अधिक मानी जाती है, क्योंकि भूगर्भीय रूप से ये इलाके संवेदनशील ज़ोन में आते हैं।

प्रदेश का चंबा जिला सबसे अधिक भूकंपीय गतिविधियों वाला क्षेत्र माना जाता है। ऐतिहासिक रूप से हिमाचल में सबसे बड़ा भूकंप वर्ष 1905 में कांगड़ा में आया था, जिसने भारी तबाही मचाई थी। भले ही आज के झटके मामूली थे, लेकिन इस तरह की हलचलें लगातार यह याद दिलाती हैं कि क्षेत्र में सतर्कता और आपदा प्रबंधन की तैयारी हमेशा जरूरी है।

Scroll to Top