हिमाचल सरकार पर बिंदल का बड़ा हमला: 2000 स्कूलों की बंदी और 20 हजार पद खत्म कर बेरोजगारों से किया धोखा
शिमला/25/10/2025
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि मौजूदा सरकार युवाओं और बेरोजगारों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में 2000 स्कूलों को बंद कर 20 हजार पदों को समाप्त कर दिया गया है, जिससे यह स्पष्ट है कि सरकार का रुख शिक्षा और रोजगार दोनों के प्रति नकारात्मक है।
डॉ. बिंदल शिमला स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित भाजपा युवा मोर्चा की परिचय बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन और प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव से पहले वादा किया था कि सत्ता में आने पर 67 हजार खाली पदों को भरा जाएगा और हर साल एक लाख नौकरियां दी जाएंगी, लेकिन वास्तविकता में सरकार ने उल्टा कदम उठाते हुए पहले से सृजित पदों को ही खत्म कर दिया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण और जल शक्ति जैसे अहम विभागों में बड़ी संख्या में पद समाप्त किए गए हैं, जिससे विकास कार्य ठप पड़ रहे हैं। बिंदल ने तंज कसते हुए कहा कि “वन मित्र”, “रोगी मित्र” और “पशु मित्र” जैसी योजनाएं केवल दिखावे के लिए हैं, इनसे बेरोजगारों को वास्तविक रोजगार नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह योजनाएं केवल जनता को भ्रमित करने का साधन बन गई हैं।
राजीव बिंदल ने दावा किया कि हाउसिंग बोर्ड में 137 पद, बिजली बोर्ड में हजारों पद और विभिन्न विभागों में कुल 1.45 लाख पदों को खत्म किया गया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में भी कई पदों को समाप्त करने की प्रक्रिया जारी है, जिससे नौकरी कर रहे कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा अब इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और बेरोजगार युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
संगठनात्मक स्तर पर जानकारी देते हुए बिंदल ने बताया कि भाजपा ने अपने सभी छह मोर्चों — युवा, महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, किसान और ओबीसी मोर्चा — के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली है और अब ये सभी संगठनात्मक विस्तार के कार्य में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।