NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में शर्मनाक घटना: स्कूल की हेड टीचर ने बच्चे को नंगाकर पीटा,शिक्षा विभाग ने तुरंत किया निलंबित

शिमला/28/10/2025

teacherrr

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सरकारी स्कूल की महिला मुख्य अध्यापिका ने अपनी सारी मर्यादाएं पार कर दीं। उसने एक छोटे बच्चे को नंगाकर कांटेदार झाड़ियों से बेरहमी से पीटा। यही नहीं, इस पूरे अमानवीय कृत्य का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना सरकारी प्राथमिक विद्यालय गवाना (केंद्र कुटारा) की बताई जा रही है। आरोपी शिक्षिका की पहचान मुख्य अध्यापिका रीना राठौर के रूप में हुई है। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, शिक्षा विभाग ने तुरंत एक्शन लेते हुए उन्हें निलंबित (Suspended) कर दिया।

कैसे हुआ पूरा मामला

वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि महिला अध्यापिका एक छोटे बच्चे को पहले कपड़े उतारने का आदेश देती है, फिर कांटेदार झाड़ियों से उसकी पिटाई शुरू कर देती है। बच्चे की टीशर्ट पहले से उतरी होती है, और आरोपी शिक्षिका उसे पैंट उतारने के लिए भी कहती है। इस दौरान बच्चा बुरी तरह रोता है और रहम की भीख मांगता है, लेकिन मैडम उस पर लगातार झाड़ियों से वार करती रहती है। वीडियो में चार से पांच अन्य लोग भी मौजूद हैं, जो यह सब देखते हुए भी हंसते दिखाई देते हैं।

‘चोरी की थी’, कहकर दी दरिंदगी की सजा

वीडियो में महिला अध्यापिका बच्चे पर चोरी करने का आरोप लगाती है और कहती है कि अब वह यह वीडियो वायरल करेगी ताकि “सबको दिखा सके”। वीडियो की लंबाई करीब 1 मिनट 17 सेकंड बताई जा रही है, जिसमें बच्चे पर लगातार झाड़ियों से वार किया जा रहा है।

विभाग का सख्त एक्शन

शिक्षा विभाग ने इस अमानवीय व्यवहार को गंभीर कदाचार (Gross Misconduct) माना है। आदेश में कहा गया है कि यह कार्य बच्चों के निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा अधिकार अधिनियम, 2009 (RTE Act, Section 17) और सरकार के दिशानिर्देशों का घोर उल्लंघन है। वहीं, यह आचरण केंद्रीय सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1964 के नियम 3(1) के तहत गंभीर अनुशासनहीनता के दायरे में आता है।

इस पर उप निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा (शिमला) ने तत्काल प्रभाव से रीना राठौर को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया है। सस्पेंशन अवधि में उनका मुख्यालय खंड प्राथमिक शिक्षा कार्यालय, सराहन (शिमला) रहेगा, और उन्हें वहां से बिना अनुमति बाहर जाने की इजाजत नहीं होगी।

अगली कार्रवाई की तैयारी

शिक्षा विभाग ने इस घटना की जानकारी निदेशक, स्कूल शिक्षा विभाग शिमला, जीएसएसएस कुटारा के प्रधानाचार्य, बीईईओ रोहड़ू व सराहन को भी भेज दी है ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग तेज

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। सोशल मीडिया पर लोग आरोपी अध्यापिका के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई अभिभावकों ने कहा है कि इस तरह की घटनाएं बच्चों के मनोबल को तोड़ती हैं और स्कूलों की छवि पर दाग लगाती हैं।

Scroll to Top