NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल हाईकोर्ट का आदेश: सरदार पटेल विश्वविद्यालय को JOA (IT) भर्ती परीक्षा का परिणाम तुरंत घोषित करने के निर्देश

शिमला/16/09/2025

high cour shimla

शिमला। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी को JOA (आईटी) के 25 पदों के लिए आयोजित की गई भर्ती परीक्षा का परिणाम तत्काल घोषित करने का सख्त निर्देश दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति संदीप शर्मा की एकल पीठ ने निर्मला देवी व अन्य याचिकाकर्ताओं द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया।

उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय ने 7 सितंबर 2022 को विज्ञापन जारी कर इन पदों के लिए आवेदन मांगे थे और 20 अक्टूबर 2022 को परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 7,640 उम्मीदवारों ने भाग लिया था, लेकिन आज तक परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया गया है। याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि परीक्षा को संपन्न हुए अब लगभग तीन वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन बिना किसी स्पष्ट कारण के अभी तक परिणाम घोषित नहीं किया गया, जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।

वहीं, राज्य सरकार ने कोर्ट से इस मामले में सुनवाई स्थगित करने की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने स्पष्ट रूप से अस्वीकार कर दिया। न्यायालय ने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय एक स्वायत्त निकाय है और जब परीक्षा उसी ने आयोजित की थी, तो परिणाम घोषित करने के लिए राज्य सरकार की पूर्व अनुमति लेना आवश्यक नहीं है।

कोर्ट ने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा राज्य सरकार को 16 बार पत्र भेजे गए थे, जिनमें परिणाम घोषित करने की अनुमति मांगी गई थी। लेकिन राज्य सरकार ने 26 दिसंबर 2022 को एक पत्र जारी कर परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया को रोक दिया। अदालत ने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह अनावश्यक और अनुचित है क्योंकि सरकार की इस प्रक्रिया में कोई भूमिका नहीं बनती।

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि परिणाम तैयार है, तो इसे अब और विलंब किए बिना घोषित किया जाना चाहिए, ताकि उम्मीदवारों को अनावश्यक मानसिक तनाव से राहत मिल सके।

हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद सरदार पटेल विश्वविद्यालय को अब जल्द से जल्द JOA (आईटी) भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित करना होगा। यह फैसला न सिर्फ लंबे समय से इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए राहत भरा है, बल्कि यह भी स्पष्ट करता है कि स्वायत्त संस्थानों को प्रशासनिक अड़चनों में नहीं फंसाया जाना चाहिए।

Scroll to Top