हिमाचल में बड़ा हादसा: सवारियों से भरी HRTC बस पलटी, 40 लोग घायल
कांगड़ा/22/09/2025
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के डाडासीबा क्षेत्र के गुराला में आज एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में करीब 40 लोग घायल हो गए।
घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज डाडासीबा सिविल अस्पताल में चल रहा है। यह दुर्घटना डाडासीबा-गुराला मार्ग पर हुई। बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुँचाया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से कई यात्रियों की जान बची। अधिकारियों ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा बस में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर सावधानी बरतें।