NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में जल शक्ति विभाग के वर्करों के लिए अलग वेतन स्लैब

शिमला/30/09/2025

dcm

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने जल शक्ति विभाग में कार्यरत पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और मल्टीपर्पज वर्करों के लिए अलग-अलग वेतन स्लैब बनाने का फैसला लिया है। सरकार इन कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाकर उन्हें सम्मानजनक वेतन देने की योजना बना रही है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस प्रस्ताव को आगामी कैबिनेट बैठक में स्वीकृति के लिए लाया जाएगा।

जल शक्ति विभाग में लगभग 4,019 मल्टीपर्पज वर्कर, 2,307 पंप ऑपरेटर और 1,019 पैरा फिटर कार्यरत हैं। अब तक मल्टीपर्पज वर्करों के लिए भर्ती नियम नहीं बने थे, लेकिन सरकार इनके नियम तैयार करेगी। वर्तमान में कर्मचारियों को 5,500 से 6,000 रुपये के करीब मानदेय मिलता है। प्रस्ताव के अनुसार यह राशि बढ़ाकर 10,000 रुपये तक प्रति माह की जा सकती है।

इन कर्मचारियों ने प्राकृतिक आपदाओं के दौरान दिन-रात काम करके लोगों के घरों तक पानी की सप्लाई सुनिश्चित की है। मंडी, सिरमौर, चंबा और कुल्लू में मल्टीपर्पज वर्करों ने पानी के पाइपों को दुरुस्त कर सप्लाई को सुचारु रखा। जल शक्ति विभाग में कुल 10,000 के करीब वर्कर हैं और भविष्य में और भर्तियां की जाएंगी।

साथ ही, विभाग ने लगभग 1,300 जल रक्षकों को पंप अटेंडेंट बनाया है। जब तक कार्यालय में चपरासी के पद नहीं भरे जाते, इनकी सेवाएं ली जाएंगी। शेष जल रक्षकों को भी पंप अटेंडेंट बनाने की योजना है।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने निर्देश दिए कि जल शक्ति विभाग को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने और कैबिनेट में पेश करने के लिए कहा गया है।

Scroll to Top