हिमाचल के कांगड़ा में पुलिस थाने के पास HRTC बस कर्मियों पर जानलेवा हमला, बेखौफ घूम रहे गुंडे
कांगड़ा | हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। रविवार रात गगल पुलिस थाने के पास दो टैक्सी सवारों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस के ड्राइवर और कंडक्टर पर बेरहमी से हमला कर दिया। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना पुलिस थाने से कुछ ही दूरी पर हुई।
जानकारी के अनुसार, पठानकोट से बैजनाथ जा रही सरकारी बस को दो टैक्सी सवार बार-बार ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक को लेकर विवाद हुआ और मामला हिंसक झगड़े में बदल गया। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे में थे। उन्होंने गगल और राजोल के बीच बस को जबरन रोककर चालक तिलक राज को बाहर खींचा और फिर परिचालक दामोदर दास पर भी हमला कर दिया।
हमले के दौरान बस में सवार 47 यात्री दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इस घटना ने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह हमला पुलिस थाने के बिल्कुल पास हुआ है।