NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल की शान बनीं परिमा जसवाल: एचपीयू की पूर्व छात्रा ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर चमकाया प्रदेश का नाम

शिमला/30/10/2025

jauswal

हिमाचल की होनहार बेटी परिमा जसवाल ने अपनी मेहनत और जुनून के बल पर वह मुकाम हासिल किया है, जो हर युवा का सपना होता है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) के रसायन विज्ञान विभाग की पूर्व छात्रा परिमा ने देश के प्रतिष्ठित टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के मंच तक पहुंचकर पूरे प्रदेश और विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है।

हमीरपुर जिले की मूल निवासी परिमा वर्तमान में शिमला के घोड़ा चौकी क्षेत्र में रहती हैं। उन्होंने पिछले पांच वर्षों तक लगातार तैयारी और लगन के साथ इस मंच तक पहुंचने का सपना संजोया था, जो आखिरकार अब साकार हो गया। परिमा का कहना है कि यह सफलता उनके परिवार, गुरुजनों और शुभचिंतकों के आशीर्वाद का परिणाम है।

परिमा जसवाल के पिता अमर चंद, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल गनाटी में लेक्चरर हैं, जबकि उनकी माता कमलेश कुमारी, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उनका छोटा भाई भी विश्वविद्यालय से बीसीए की पढ़ाई कर रहा है। ऐसे शिक्षित और प्रोत्साहन देने वाले परिवार से आने के कारण परिमा ने हमेशा ज्ञान और आत्मविश्वास को अपनी ताकत बनाया।

उनकी इस उपलब्धि पर एचपीयू के कुलपति आचार्य महावीर सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि परिमा ने मेहनत और धैर्य का एक शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि परिमा जैसे छात्र विश्वविद्यालय के गौरव हैं, जिन्होंने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

शो के अपने अनुभव साझा करते हुए परिमा ने बताया कि अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करना उनके जीवन का सबसे यादगार पल था। उन्होंने कहा कि केबीसी ने उन्हें आत्मविश्वास, साहस और सच्चे प्रयास के महत्व को समझाया। परिमा ने सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और केबीसी टीम का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने उन्हें इस मंच के योग्य समझा।

उनकी इस सफलता से न केवल हमीरपुर और शिमला, बल्कि पूरे हिमाचल में खुशी की लहर है। स्थानीय लोग और विश्वविद्यालय समुदाय परिमा की उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

परिमा जसवाल की कहानी इस बात का प्रमाण है कि अगर मन में लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर, तो हर पहाड़ छोटा और हर सपना साकार हो सकता है।

Scroll to Top