NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए विशेष सघन पुनरीक्षण की मांग

धर्मशाला/21/09/2025

TRILOK KAPOOR

हिमाचल प्रदेश में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने मुख्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची को पत्र लिखकर विशेष सघन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) कराने की मांग की है।

त्रिलोक कपूर ने अपने पत्र में कहा कि राज्य में ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों, नगर परिषदों और नगर निगमों के चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में विधानसभा और लोकसभा की मतदाता सूचियों के आधार पर विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया से चुनावों में पारदर्शिता बढ़ेगी और यह सुनिश्चित होगा कि प्रत्येक मतदाता का नाम केवल एक ही स्थान पर दर्ज हो, जिससे मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या द्विविधा की संभावना समाप्त होगी।

कपूर ने यह भी कहा कि विशेष पुनरीक्षण से 18 वर्ष से ऊपर के सभी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल किए जा सकेंगे और कोई भी नागरिक मतदान से वंचित नहीं रहेगा। साथ ही, यह प्रक्रिया चुनाव अधिकारियों को निर्वाचन कार्य निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मददगार साबित होगी।

भाजपा प्रवक्ता ने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार यह कार्य आगामी एक माह के भीतर पूरा किया जाए, ताकि राज्य की लोकतांत्रिक प्रक्रिया मज़बूत बनी रहे। उन्होंने कहा कि यह कदम लोकतंत्र को मजबूत करने और चुनावों में विश्वास बहाल करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।

त्रिलोक कपूर की इस मांग ने राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी ध्यान खींचा है, और अब सभी संबंधित अधिकारी इसे लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार कर रहे हैं।

Scroll to Top