NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में आफत की बारिश: जगह-जगह भूस्खलन, तीन मकान क्षतिग्रस्त

हिमाचल डेस्क/30/08/2025

HIMACHAL

हिमाचल प्रदेश इन दिनों भारी बारिश और भूस्खलन की मार झेल रहा है। लगातार हो रही बारिश ने प्रदेश में तबाही मचा दी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शिमला जिले के रामपुर बुशहर के गांव शील प्रोग में बीती रात हुए भूस्खलन से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। तुलसी दास, लेखराज और हरीश कुमार के घरों पर मलबा गिरा, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई।

प्रदेश में सड़कों और बिजली व्यवस्था पर भी भारी असर पड़ा है। तीन राष्ट्रीय राजमार्गों समेत 560 से अधिक सड़कें बंद हैं। एनएच-5 पर निगुलसरी में भूस्खलन से सड़क पर दरारें आ गई हैं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। वहीं, 936 बिजली ट्रांसफार्मर और 223 पेयजल योजनाएं ठप होने से लोगों को बिजली और पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

चंबा जिले में भी हालात बिगड़ गए हैं। भरमौर-पठानकोट हाईवे जगह-जगह भूस्खलन के कारण बंद है, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग सड़कों को बहाल करने के प्रयासों में जुटे हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे और राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे। वहीं, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी आपदाग्रस्त इलाकों में पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

Scroll to Top