NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार — पंचायत स्तर से शुरू होगा तीन महीने का मेगा अभियान

शिमला/18/11/2025

chitaaa

हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करी की बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब जमीनी स्तर पर बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। आगामी तीन महीनों में पूरे प्रदेश में नशा तस्करों पर सबसे व्यापक कार्रवाई की तैयारी है। इस अभियान की सबसे अहम कड़ी पंचायतें होंगी, जहां पुलिस ने हर वार्ड में विशेष बीट कांस्टेबल तैनात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये कांस्टेबल अपने क्षेत्रों में नशा बेचने, लाने-ले जाने या खरीदने वाले लोगों की गतिविधियों का लगातार रिकॉर्ड रखेंगे और किसी भी संदिग्ध हरकत की रिपोर्ट तुरंत पुलिस तक पहुंचाएंगे।

पंचायत प्रतिनिधियों को भी इस मुहिम में शामिल किया जा रहा है ताकि स्थानीय स्तर पर मौजूद जानकारी और लोगों की पहचान का इस्तेमाल कर तस्करों की जमीनी नेटवर्किंग को तत्काल पकड़ा जा सके। पुलिस का मानना है कि गांव और वार्ड स्तर पर मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने से नशा कारोबार की जड़ों तक पहुंचना आसान होगा।

अभियान केवल पुलिस और पंचायतों तक सीमित नहीं रहेगा। युवाओं को चिट्टा जैसे खतरनाक नशे से बचाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों को भी इसमें सक्रिय भूमिका दी जा रही है। शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम चलेंगे, जबकि स्वास्थ्य संस्थान नशा छुड़ाने और काउंसलिंग की सुविधाएं बढ़ाने में सहयोग देंगे। प्रत्येक पंचायत में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी ताकि तस्करों की आवाजाही पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

डीजीपी अशोक तिवारी ने स्पष्ट कहा है कि आने वाले महीनों में पुलिस चिट्टा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सख्त कदम उठाएगी। उनका कहना है कि पंचायत स्तर पर मजबूत सूचना प्रणाली तैयार करके पुलिस नशा तस्करी की जड़ तक पहुंचेगी और प्रदेश में ड्रग फ्री माहौल स्थापित करने की दिशा में निर्णायक कदम उठाएगी।

Scroll to Top